गोवर्धन के हनुमान बाग पहुंचे सपा नेता रामगोपाल यादव
मथुरा। गोवर्धन में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव प्रसिद्ध हनुमान बाग पहुंचे। यहां उन्होंने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया और संत सियाराम दास से आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि ब्रज में आने से आनंद की अनुभूति होती है। कार्यक्रम के बाद रामगोपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर सनातन परंपराओं के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल वोट बैंक के लिए कर रही है, जबकि उसके काम सनातन संस्कृति के मूल सिद्धांतों के विपरीत हैं। भाजपा खुद को सनातन की हितैषी बताती है, लेकिन उसकी नीतियां और फैसले सनातन परंपराओं के खिलाफ हैं।