मथुरा - दो दिन बाद नहीं चलेंगे बिना पंजीकरण ई-रिक्शा व ऑटो

मथुरा - दो दिन बाद नहीं चलेंगे बिना पंजीकरण ई-रिक्शा व ऑटो

मथुरा मथुरा शहर व व्रन्दावन में नए साल यानि की एक जनवरी 2026 से महानगर के ट्रैफिक सिस्टम में सुधार के लिए ई-रिक्शा व ऑटो का संचालन अब बिना पंजीकरण के नहीं होगा। तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अभी तक मात्र 1400 ई-रिक्शा व ऑटो चालकों ने पंजीकरण कराया है। शहर को यातायात जाम से निजात दिलाने तथा श्रद्धालुओं एवं आमजन को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा ई-रिक्शा एवं टेंपो का पंजीकरण किया जा रहा है। सोमवार को नगर आयुक्त जग प्रवेश ने वृंदावन स्थित वैष्णो देवी मंदिर चारधाम के पास लगाए गए पंजीकरण कैंप का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कैंप में की जा रही व्यवस्थाओं, पंजीकरण प्रक्रिया एवं पारदर्शिता का जायजा लिया तथा अधिकारियों को समयबद्ध एवं सुचारु पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक एवं प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल आरके सिंह को मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सतत अभियान चलाने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि मथुरा में 10 तथा वृंदावन में 6 रूट निर्धारित किए गए हैं, जिन पर ई-रिक्शा एवं टेंपो का किराया भी तय किया गया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित है, जबकि 1 जनवरी से बिना पंजीकरण के वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा सभी ई-रिक्शा एवं टेंपो चालकों से अपील की गई है कि वे समय रहते पंजीकरण कराकर इस व्यवस्था को सफल बनाएं और शहर को जाम मुक्त बनाने में सहयोग दें। अभी तक 1400 ई-रिक्शा व ऑटो चालकों ने ही पंजीकरण कराया है। बिना पंजीकरण ई-रिक्शा व ऑटो संचालन पकड़ने जाने पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नगर निगम और यातायात पुलिस ने तैयारियां कर ली हैं।