मथुरा में हनी ट्रैप से लाखों की उगाही:चौकी इंचार्ज और सिपाही निलंबित, ग्राम प्रधान समेत पांच पर मुकदमा

मथुरा में हनी ट्रैप से लाखों की उगाही:चौकी इंचार्ज और सिपाही निलंबित, ग्राम प्रधान समेत पांच पर मुकदमा

मथुरा। फरह के ओल इलाके में सनसनीखेज हनी ट्रैप का मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने अपने साथी हिस्ट्रीशीटर प्रधान के साथ मिलकर आगरा के करोड़पति किसान को जाल में फंसाकर लाखों की ठगी को अंजाम दिया। किसान को धमकाने के लिए ओल चौकी इंचार्ज व सिपाही धमकाने पहुंचे और पांच लाख की चौथ मांगी। किसान की शिकायत पर एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। महिला, प्रधान और दोनों पुलिसकर्मियों सहित पांच पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। पीड़ित, आगरा के गांव अंगूठी निवासी जगदीश सिंह की हाल में रेल विकास निगम ने जमीन अधिग्रहीत की है। इसमें उन्हें करीब तीन करोड़ रुपये का मुआवजा मिला है। किसान ने पुलिस को बताया कि फरह की सपना उर्फ राजबाला नामक महिला उनके संपर्क में आई। महिला ने अपनी बातों से जगदीश को अपने जाल में फंसा लिया। फोन पर लंबी बातचीत के बाद, महिला को जगदीश की जमीन के रेल विकास निगम द्वारा अधिग्रहण और उससे मिले भारी मुआवजे की जानकारी मिली। इसका फायदा उठाते हुए, महिला ने अपने साथी, औरंगाबाद निवासी श्याम जाट के साथ मिलकर जगदीश को ठगने की योजना बनाई। दोनों ने मिलकर किसान से 12 लाख रुपये हड़प लिए। इसके बाद 31 जनवरी को सपना ने जगदीश को फरह क्षेत्र के कस्बा ओल में बुलाया। जब जगदीश ओल पहुंचा, तो गांव प्रधान खूबीराम ने महिला सपना के साथ मिलकर उसे एक घर के कमरे में बंद कर दिया और उसके कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए। इसके बाद, उन्होंने पुलिस चौकी ओल से दो पुलिसकर्मियों को बुला लिया। जगदीश ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने भी प्रधान और महिला का साथ देते हुए उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। उन्होंने जगदीश से पांच लाख रुपये की मांग की, अन्यथा जेल भेजने की चेतावनी दी। पीड़ित ने मौके पर एक लाख रुपये दे दिए, लेकिन बाकी चार लाख रुपये की मांग की जा रही थी, इसी बीच किसान की कार को ओल चौकी पर खड़ा करवा लिया गया। पीड़ित ने एसएसपी श्लोक कुमार से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की जांच के बाद, एसएसपी के आदेश पर फरह पुलिस ने महिला सपना उर्फ राजबाला, उसके साथी श्याम जाट, गांव प्रधान खूबीराम, ओल चौकी प्रभारी कपिल और कांस्टेबल राकेश यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिसकर्मी निलंबित, विभागीय जांच शुरू एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि ओल चौकी प्रभारी कपिल कुमार और कांस्टेबल राकेश यादव को निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। किसान की कार भी चौकी ओल में खड़ी पाई गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।